कर्नाटक में राहुल गांधी ने जमकर साधा मोदी पर निशाना, कहा- बीजेपी को कम, कांग्रेस को मिलेंगी ज्यादा सीटें

National Politics State's कर्नाटक

कर्नाटक: राहुल गांधी रविवार को दो दिवसीय कर्नाटक के चुनावी दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता, बसवन्ना के बारे में बोलते हैं, लेकिन उनकी शिक्षाओं का अनुसरण नहीं करते। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार देश में सबसे भ्रष्ट है। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में (कुल 224 सीट) में से कांग्रेस को 150 सीट मिलेगी, जबकि भाजपा को सिर्फ 40 सीट ही मिल पाएगी।

रोड शो में जमकर उमड़ी भीड़
इससे पहले राहुल गांधी ने एक विशाल रोड शो किया और मार्ग के दोनों ओर उमड़ी उत्साही भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। विशेष रूप से तैयार किये गये एक वाहन में खड़े होकर, गांधी सड़कों और आसपास की इमारतों में खड़े लोगों का हाथ हिलाकर लगातार अभिवादन कर रहे थे और उनमें से कई लोग ‘राहुल, राहुल’ के नारे लगा रहे थे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रोड शो की शुरुआत की।

राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को ले जाने वाला वाहन शिवाजी सर्कल और कनकदासा सर्कल से होते हुए विभिन्न सड़कों से गुजरा और लोग कांग्रेस के झंडे लिए आगे बढ़ रहे थे। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रचार अभियान समिति के प्रमुख एम. बी. पाटिल और पार्टी के कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता गांधी के साथ रोड शो में शामिल हुए। बता दें कि कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव होने हैं। 13 मई को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। भाजपा और कांग्रेस सत्ता के लिए लड़ाई कर रहे हैं।

जगदीश शेट्टार ने की मुलाकात
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता जगदीश शेट्टार ने रविवार को कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और कहा कि वह भाजपा के बुरे बर्ताव के कारण सबसे पुरानी पार्टी (कांग्रेस) में आये हैं। शेट्टार ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैं कांग्रेस में इसलिए शामिल हो गया क्योंकि हर कोई जानता है कि भाजपा ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया है। इसलिए, मैं एक अन्य राष्ट्रीय पार्टी में शामिल हो गया जिस पार्टी के राहुल गांधी नेता हैं।” भाजपा द्वारा टिकट से वंचित किए जाने के बाद शेट्टार ने भाजपा पर आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व कर्नाटक में सत्ताधारी पार्टी को नियंत्रित कर रहे हैं।

बसवेश्वर धाम के किए दर्शन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि 12वीं सदी के कवि एवं समाज सुधारक बसवेश्वर और उनके जैसे लोगों ने भारत में लोकतंत्र, संसदीय लोकतंत्र और अधिकारों की नींव रखी थी और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रयास किये थे। गांधी ने रविवार को बसवेश्वर की जयंती के अवसर पर कुदाल संगम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिल्ली से हुबली पहुंचने पर गांधी ने संगमनाथ मंदिर और एक्य लिंग के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर से कुदाल संगम की यात्रा की। कुदाल संगम कर्नाटक के प्रभावशाली समुदायों में से एक लिंगायत संप्रदाय का महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। बसवेश्वर को ‘बसवन्ना’ के रूप में भी जाना है। एक्य मंतपा या लिंगायत संप्रदाय के संस्थापक बसवेश्वर की पवित्र समाधि यहां स्थित है। कुदाल संगम अपने चालुक्य-शैली के संगमेश्वर मंदिर के लिए भी प्रसिद्ध है, जहां यह माना जाता है कि बसवन्ना ने भगवान शिव की पूजा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *