जिलाधिकारी आजमगढ़ ने अधिशासी अभियंता से मारपीट के विरोध में प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन
अमित मौर्या

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार (द्वितीय) द्वारा दिनांक 13 जून 2025 को सिंचाई विभाग, बाढ़ खण्ड, आजमगढ़ के अधिशासी अभियंता इं. अरुण सचदेव के साथ अपने कैम्प कार्यालय में की गई अभद्रता व डंडे से मारपीट की घटना के विरोध में समस्त अभियंत्रण विभागों, निगमों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के अभियंताओं ने प्रदेशव्यापी विरोध दर्ज किया।
इस संबंध में 16 जून 2025 को उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें उक्त घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिलाधिकारी के व्यवहार को भारतीय प्रशासनिक सेवा की गरिमा के प्रतिकूल बताया गया। बैठक में सर्वसम्मति से श्री रविन्द्र कुमार को तत्काल सेवा से बर्खास्त किए जाने की मांग की गई।
एसोसिएशन द्वारा लिए गए निर्णयानुसार दिनांक 18 जून 2025 को लखनऊ स्थित सिंचाई भवन (कैंट रोड, उदयगंज) पर प्रदेशभर के अभियंताओं ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एक 4 सूत्रीय ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश को प्रेषित किया गया, जिसमें दोषी जिलाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई।
धरना प्रदर्शन में प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई व जल संसाधन विभाग इं. अखिलेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष इं. अजय कुमार सिंह, इं. अख्तर अली फारूकी, निवर्तमान अध्यक्ष इं. सुरजीत सिंह निरंजन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इं. सी.के. मंगलम, विभागीय अध्यक्ष-लोक निर्माण इं. श्याम मोहन गर्ग, विभागीय अध्यक्ष-सिंचाई इं. ए.के. मौर्य, इं. शिव प्रसाद मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता—इं. अभिषेक यादव, इं. राजेश नारायण, इं. अमित कुमार, इं. जी.सी. सिंह, इं. डी.के. वर्मा, इं. पी.के. सिंह, इं. गगन कुमार, इं. राम सेवक शुक्ला, इं. वाई.एन. उपाध्याय, इं. लाल सिंह यादव, इं. राजेश अवस्थी, इं. नौशाद अहमद, इं. अवधेश शर्मा आदि की उपस्थिति रही।
साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में भी अभियंताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मा. मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि दोषी जिलाधिकारी के विरुद्ध शीघ्र कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
