आधी रात को फिर तड़तड़ाई गोलियां, वाराणसी पुलिस और तितली गैंग के बीच मुठभेड़, सरगना को लगी गोली, साथी सहित गिरफ्तार
लंका-भेलूपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: तितली गैंग का सरगना सचिन रावत मुठभेड़ में घायल, साथी समीर गिरफ्तार

अचूक संघर्ष, डेस्क
वाराणसी: लंका और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात एक मुठभेड़ में कुख्यात तितली गैंग के सरगना सचिन रावत को गिरफ्तार किया। इस दौरान सचिन के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी समीर भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। दोनों भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड इलाके में हाल ही में हुई एक बंद मकान में चोरी की घटना में वांछित थे।
पुलिस के अनुसार, भेलूपुर थाने में दर्ज चोरी के मामले में पहले ही चार चोरों को गिरफ्तार कर लगभग 6 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया जा चुका है। मुठभेड़ के दौरान सचिन रावत ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें सचिन घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सचिन रावत पर पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके साथी समीर पर 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और तितली गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।





