काशी के न्यायधीश बाबा लाट भैरव का तिलकोत्सव परंपरागत धूमधाम से संपन्न हुआ

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गणेश प्रतिमा और पीले अक्षत का परात सिर पर रखकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया
वाराणसी। काशी के न्यायधीश बाबा श्री लाट भैरव का तिलकोत्सव परंपरागत धूमधाम से संपन्न हुआ । इस तिलकोत्सव के साथ ही पांच दिवसीय विवाहोत्सव की शुरूआत हो गई। भक्तों ने 101 थालियों में तिलक सामग्री अर्पित की और श्वेत वस्त्र धारण कर बाबा का दर्शन-पूजन किया। गुरुवार की मध्यरात्रि में बाबा लाट भैरव के मस्तक पर तिलक सुशोभित किया गया। परंपरा के अनुसार बाबा का तिलाकेत्सव पैदल यात्रा के रूप में शुरू किया। तिलकहरुओं ने विशेश्वरगंज सब्जी मंडी में बाबा कपाल भैरव को तिलक अर्पित किया। शीतला माता मंदिर प्रांगण में विराजमान रजत मुखौटे की आभा देख श्रद्धालु निहाल हुये । समिति अध्यक्ष रोहित जायसवाल (पार्षद) ने आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार, भैरवाष्टकं और भैरव स्तुति के साथ तिलक संपन्न कराया। तिलकोत्सव में कज्जाकपुरा मंदिर प्रांगण से शोभायात्रा निकली। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गणेश प्रतिमा और पीले अक्षत का परात सिर पर रखकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा जलालीपुरा, तेलियाना, हनुमान फाटक, बलुआबीर, अंबियामेडी, कतुआपुरा, जतनबर और भैरवनाथ चौराहा होते हुए विशेश्वरगंज सब्जी मंडी पहुंची।भव्य आरती और तिलक के बाद आयोजित भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर तिलक संयोजक नंदलाल प्रजापति, प्रधानमंत्री छोटेलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, मंत्री मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, डब्ल्यू जायसवाल, कर्णशंकर पांडेय सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।




