उत्तर प्रदेशविचार/मुद्दा

ट्रम्प के 50% टैरिफ के खिलाफ सड़क पर उतरे व्यापारी

राजधानी के सड़को पैदल मार्च निकाला और नारे बाजी की, कहा हम देश के साथ है

लखनऊ । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत के उत्पादों पर 27 अगस्त से 50% अतिरिक्त टैरिफ लागू करने के फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में व्यापारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वाधान में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने अयोध्या रोड पर शक्ति नगर से लेखराज मेट्रो स्टेशन तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान व्यापारियों ने अमेरिकी नीति के खिलाफ नारेबाजी की और भारत सरकार के साथ एकजुटता जताई। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति का यह निर्णय न केवल भारत के लिए बल्कि अमेरिकी जनता के लिए भी नुकसानदेह साबित होगा। उन्होंने कहा, “यह टैरिफ अमेरिका की जीडीपी पर विपरीत प्रभाव डालेगा। भारत विश्व का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है, और अन्य देशों को भारत के साथ समझौता करना होगा। भारत को किसी के सामने झुकने की जरूरत नहीं है। संजय गुप्ता ने आगे कहा कि भारत के व्यापारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापारी अब ब्रिटेन, जापान, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, नीदरलैंड, पोलैंड, कनाडा, मेक्सिको, रूस, बेल्जियम सहित 50 अन्य देशों में भारत सरकार के सहयोग से अपने उत्पादों के निर्यात की तैयारी कर रहे हैं। संजय गुप्ता ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में भारत ने अमेरिका को 86 अरब डॉलर का निर्यात किया था, और चालू वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में 33.53 अरब डॉलर का निर्यात हुआ है। कपड़ा, रत्न, आभूषण, चमड़ा, फुटवियर, पशु उत्पाद, रसायन, और इलेक्ट्रिकल मशीनरी जैसे क्षेत्रों में भारत का निर्यात अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि अप्रैल से लागू टैरिफ के साथ यह 50% अतिरिक्त टैरिफ मिलकर कुल 70% हो गया है, जिससे अमेरिकी नागरिकों को भारतीय उत्पाद महंगे मिलेंगे। गुप्ता ने दावा किया कि इस फैसले से अमेरिकी जनता को नुकसान होगा, और जल्द ही डोनाल्ड ट्रम्प को अपना यह निर्णय वापस लेना पड़ेगा। प्रदर्शन मेें प्रमुख रूप से संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, शेखर श्रीवास्तव, इकबाल हसन, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर उपाध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव, अंशुल श्रीवास्तव, महिला इकाई अध्यक्ष अनिला अग्रवाल, संतोष गुप्ता, कमल अग्रवाल, मोनिस, संजीव सिंह, वीरेंद्र साहू, श्याम सुंदर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button