नेपाल में हिंसक प्रदर्शन को लेकर यूपी में हाई अलर्ट

सीमावर्ती जिलों में बढ़ाई चौकसी, डीजीपी ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में जेन जी आंदोलन और हिंसक प्रदर्शनों के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसे लेकर प्रदेश में सर्तकता बरती जा रही है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है और चार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि नेपाल में पिछले तीन दिनों से चल रहे जेन जी आंदोलन और हिंसक प्रदर्शनों के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार हिंसा में कुछ सुधार देखा गया है। उत्तर प्रदेश के सात जिले महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत नेपाल सीमा से सटे हैं। सोमवार से ही इन जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती थानों और चौकियों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है, और सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह सजग है।
भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) के अधीन एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस कक्ष के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर 24७7 उपलब्ध हैं:
0522-2390257
0522-2724010
9454401674
व्हाट्सएप नंबर: 9454401674
डीजीपी ने बताया कि इन नंबरों पर सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, और जरूरतमंद नागरिकों को तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है। पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया इकाई को नेपाल से संबंधित किसी भी संवेदनशील जानकारी या पोस्ट पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।




