
वाराणसी, 8 अगस्त 2025। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत विद्यार्थियों को वितरित किए जाने वाले स्मार्टफोन घोटाले का वाराणसी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मोबाइल की हेराफेरी कर उन्हें बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 सैमसंग गैलेक्सी A04E स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 52 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कैंट पुलिस ने आरोपी विशेष श्रीवास्तव (उम्र 39 वर्ष), निवासी ग्राम चांदपुर, थाना मंडुआडीह, वाराणसी को 7 अगस्त 2025 की रात 8:10 बजे, फुलवरिया ओवरब्रिज गेट नंबर 4 के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 375/25 धारा 316(2)/316(5)/318(4)/317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज है। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब मयंक कुमार, निदेशक, स्किल प्रो टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, देहरादून, उत्तराखंड ने 28 जून 2025 को थाने में प्रार्थनापत्र देकर मुकदमा दर्ज कराया। आरोप था कि योजना के तहत रामनगर, वाराणसी के छात्रों को वितरण हेतु कंपनी ने 48 एंड्रॉयड स्मार्टफोन विशेष श्रीवास्तव को सौंपे थे। इनमें से 6 फोन की मैपिंग नहीं हुई थी, जबकि 42 फोन को डीजी शक्ति पोर्टल पर मैप किया गया था।
शिकायत में बताया गया कि प्रबंधक विशेष श्रीवास्तव ने छात्रों को मोबाइल वितरित न करके 42 मोबाइल फोन मनमाने ढंग से अन्य लोगों को बेच दिए। विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे व निशानदेही पर 32 स्मार्टफोन बरामद हुए हैं।
आरोपी की सफाई
गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में विशेष श्रीवास्तव ने खुद पर लगे आरोपों को नकारते हुए दावा किया कि, “कंपनी से मेरा पैसा बकाया था। उन्होंने कहा कि मोबाइल बेचकर पैसा ले लो। जब मैंने और पैसे मांगे तो साजिशन मेरे खिलाफ मुकदमा करवा दिया गया।”
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना कैंट और सर्विलांस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही। टीम में शामिल थे:
1. प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, थाना कैंट
2. उ0नि0 अभिषेक वर्मा, थाना कैंट
3. उ0नि0 अभिषेक सिंह, थाना कैंट
4. उ0नि0 प्रवेश कुमार कुंतल, थाना कैंट
5. हे0का0 दिवाकर वत्स, सर्विलांस सेल
6. का0 नागेन्द्र कुमार, थाना कैंट
7. का0 आशीष मिश्रा, थाना कैंट




