वाराणसी

वाराणसी विकास प्राधिकरण में जोन-1 एवं जोन-2 की समीक्षा बैठक संपन्न, शमन शुल्क व अनियमित निर्माण पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश

अचूक संघर्ष डेस्क

वाराणसी, 16 जुलाई 2025। वाराणसी विकास प्राधिकरण, वाराणसी के उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशानुसार आज प्राधिकरण कार्यालय में अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा की अध्यक्षता में जोन-1 एवं जोन-2 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लम्बित शमन मानचित्रों की प्रकरणवार समीक्षा की गई और शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जोन-1 के अंतर्गत शिवपुर, सिकरौल एवं विन्यास वार्डों में 07 जुलाई से 13 जुलाई 2025 तक शमन शुल्क के रूप में ₹18,277.00 जमा किए गए हैं। इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल माह से अब तक कुल ₹2,39,41,065.00 की शमन धनराशि जमा हो चुकी है। वहीं, जोन-2 के अंतर्गत सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा एवं विन्यास वार्डों में इसी अवधि में ₹5,15,000.00 का शुल्क जमा हुआ है तथा अब तक कुल ₹1,36,64,885.00 की शमन धनराशि प्राप्त हुई है।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं पर प्रभावी प्रवर्तन और विधिक कार्यवाही की जाए। साथ ही सील किए गए प्रकरणों की जांच कर बेसमेंट को खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर बल देते हुए अधिकारियों को चेताया गया कि सभी शिकायतों का निपटारा एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध चिन्हांकन कर नियमानुसार कार्यवाही व ध्वस्तीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में अपर सचिव ने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए कार्यों के प्रति कोई भी लापरवाही या शिथिलता सहन नहीं की जाएगी और ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस समीक्षा बैठक में जोन-1 के जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता रोहित कुमार, भवन लिपिक किरण सिंह तथा जोन-2 के जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार, अवर अभियंता विनोद कुमार, वर्तिका दुबे, लिपिक विनोद कुमार यादव समेत फील्ड स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button