विवाहोत्सव: बाबा लाट भैरव के दरबार में मेहंदी की रस्म निभाई गई

सूर्योदय के साथ ही शहनाई की गूंज से बारात मार्ग गुंजायमान होगा

बाबा लाट भैरव के दरबार में शनिवार को मेहंदी की लाली छाई रही। विवाह के पूर्व होने वाली रस्म के तहत लाट भैरव मंदिर में मेहंदी की रस्म निभाई गई। हरे रंग के पारंपरिक परिधान में उपस्थित क्षेत्रीय महिलाओं व युवतियों ने माता भैरवी को मेहंदी लगाया। श्री विग्रह के सम्मुख अति प्राचीन भैरवी कूप को मां भैरवी के रूप में पूजित माना गया है। बाबा कपाल भैरव के मंदिर में मंगलगीतों का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। नृत्यांगनाओं ने घंटों नृत्य व संगीत का माहौल जमाए रखा। आरती उपरांत भैरवाष्टकं व स्तुतिगान के साथ कार्यक्रम को विराम दिया गया। तेलियाना स्थित श्री सेवाती डीह बाबा, गुम्बट बीर बाबा मंदिर में विशेष शृंगार किया गया। लाट भैरव प्रबंधक समिति के मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि ने बताया कि आज ब्रह्म मूहूर्त से ही बारात प्रस्थान की तैयारियों की हलचल देखने को मिलेगी।सूर्योदय के साथ ही शहनाई की गूंज से बारात मार्ग गुंजायमान होगा। वह मंगल बेला आ चुकी है, जब बाबा विश्वनाथ की नगरी में बाबा लाट भैरव के सिर पर मौर सजेगा। इस दौरान माला यादव, आशा गुप्ता, पूनम सिंह, नीना सिंह, शिखा सिंह, नंदिता जायसवाल, रोली त्रिपाठी रहीं। प्रबंध समिति की ओर से अध्यक्ष रोहित जायसवाल, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, मंत्री मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन विनोद गुप्ता आदि रहे।




