देश प्रदेश

हिमाचल में चारों तरफ तबाही, 7 NH सहित 1462 सडक़ें बंद , रेस्क्यू जारी

हिमाचल में बारिश से चारों तरफ तबाही का मंजर है। सात नेशनल हाई-वे सहित 1462 सडक़ें बंद हैं, जबकि अढ़ाई हजार ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं। सुंदरनगर के जंगमबाग में हुए भूस्खलन में अब तक कुल सात लोगों के शव बरामद हुए हैं। रात भर से सर्च ऑपरेशन जारी है। भूस्खलन में सूमो गाड़ी के साथ 24 वर्षीय युवक का शव भी बरामद हुआ है। मृतकों में एक ही परिवार के 4 लोग शामिल हैं, जबकि एक स्कूटी और सूमो सवार सहित घर में दफन हुई वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ है। हादसे की चपेट में आए राहुल निवासी गांव खतरबाड़ी का शव भी बरामद हुआ है। राहुल कॉलोनी सुंदरनगर से सूमो में सवार होकर घर लौट रहा था कि बीच रास्ते में भीषण भूस्खलन की चपेट में आ गया।

कुल्लू के अखाड़ा बाजार में तबाही, मलबे में दबे लोग

मुख्यालय कुल्लू स्थित इनर अखाड़ा बाजार में भारी भूस्खल हुआ है, जिसमें दो लोग मलबे में दब गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चला हुआ है। पुलिस, होमगार्ड सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रखा है। बताया जा रहा है कि भूस्खलन के वक्त एक रूम में एनडीआरएफ का जवान व दूसरे कमरे में 2 कश्मीरी थे। एक ने तो खिडक़ी से बाहर निकलकर जान बचा ली, लेकिन दूसरा दब गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

किन्नौर में एनएच-5 पर भारी चट्टानें, 6 लोग घायल अस्पताल में भर्ती

किन्नौर के निगुलसरी समीप चार दिनों से अवरुद्ध एनएच-5 को अब भारतीय सेना की अत्याधुनिक आरओसी मशीनों से खोलने का काम रात से शुरू कर दिया है। नई मशीन के डिप्लॉय होने के बाद अब तक करीब 50 फीसदी चट्टानों की कटिंग की जा चुकी है। निगुलसरी क्षेत्र में बारिश तथा पहाड़ी से पत्थरों का गिरना रुक जाता है, तो सडक़ बहाली की जल्द उम्मीद है। नाथपा, नीगुलसरी आदि स्थानों पर सडक़ बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। चट्टानें गिरने से 6 वाहनों को भारी क्षति हुई है, जबकि 6 लोगों को गंभीर चोटं लगी हैं। सभी को छोलतू स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

खतरे के निशान से 4 फुट ऊपर पौंग का पानी, लागातार हो रही बारिश से बिगड़े हालात
5 दिन से लगातार हो रही बारिश से पौंग का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 4 फुट और बढ़ गया है। बुधवार को झील का जलस्तर सुबह 1393.25 फुट तक पहुंच गया। झील में 160183 क्यूसिक पानी आ रहा है, जबकि 79750 क्यूसिक छोड़ा जा रहा है। पानी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि पानी के नजदीक न जाएं। उधर, पानी छोडऩे से पंजाब में हालात खराब हो गए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button