नरेन्द्र मोदी के हवाई चप्पल वाले हवाई यात्रा करेंगे के नारे का निकला दिवाला,महंगे जूते वालो को भी हवाई यात्रा में मुश्किलों का बोलबाला
गरीबों को हवाई जहाज में बैठाने का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार में अब अमीरों की जेब भी उड़ान भरने से पहले खाली हो रही है। टिकट के दाम सात गुना तक पहुंचे, त्योहारों पर घर लौटना बना मुसीबत। सुप्रीम कोर्ट में राहत मांगने पहुंचे यात्रियों को भी मिली निराशा। सवाल यह है कि जनता की तकलीफ सुनने के लिए आखिर लोकतंत्र में कोई जिम्मेदार है भी या नहीं?

- महंगे जूतों में भी हवाई यात्रा मुश्किल, मोदी के ‘हवाई चप्पल’ वाले सपने की निकली हवा!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2017 में शिमला से क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ की शुरुआत करते हुए एक ऐसा सपना दिखाया था, जिसने देश के गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। मोदी ने कहा था कि उनका सपना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला आम आदमी भी हवाई जहाज में सफर कर सके। योजना के तहत एक घंटे की उड़ान का किराया 2500 रुपये तक सीमित रखने की बात कही गई थी।
उस समय यह नारा खूब प्रचारित हुआ। लगा कि अब हवाई यात्रा केवल पूंजीपतियों, उद्योगपतियों और बड़े अधिकारियों का विशेषाधिकार नहीं रहेगी। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार भी अपने सपनों को पंख दे सकेंगे।
लेकिन आज लगभग दस साल बाद सवाल पूछना जरूरी है कि वह सपना कहां पहुंचा? क्या गरीब की हवाई यात्रा आसान हुई या महंगाई ने उसके सपनों को जमीन पर पटक दिया?
मोदी सरकार के शासनकाल में दो करोड़ रोजगार और हर खाते में 15 लाख रुपये जैसे वादों की तरह हवाई चप्पल वाले का सपना भी राजनीतिक भाषणों की शोभा बनकर रह गया है। हालत यह है कि गरीब के लिए हवाई यात्रा आज भी सपना है और अब महंगे जूते पहनने वाला मध्यमवर्गीय व्यक्ति भी विमान का टिकट खरीदने से पहले कई बार सोचने को मजबूर है।

त्योहारों पर घर जाना भी गुनाह हो गया?
दिवाली, भाई दूज और छठ जैसे त्योहार भारतीय परिवारों के लिए केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनों से मिलने और रिश्तों को जीवित रखने का अवसर होते हैं। देश के करोड़ों लोग नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के लिए अपने घरों से दूर रहते हैं। त्योहार आते ही वे अपने परिवार के बीच पहुंचना चाहते हैं।
लेकिन एक तरफ रेलवे में आरक्षित टिकट मिलना मुश्किल है, दूसरी तरफ हवाई किराये में ऐसी आग लगी है कि सामान्य नौकरीपेशा व्यक्ति के लिए विमान से यात्रा करना लगभग असंभव होता जा रहा है।
दिल्ली से कोलकाता का टिकट, जिसकी सामान्य कीमत लगभग 10 से 11 हजार रुपये बताई गई, छह नवंबर की यात्रा के लिए करीब 80 हजार रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया। बेंगलुरु-दिल्ली का किराया 16 हजार से बढ़कर 40 हजार रुपये के पार और मुंबई-दिल्ली का किराया लगभग 11,500 से 60 हजार रुपये तक पहुंचने की बात सामने आई।
आखिर यह कैसी व्यवस्था है, जिसमें त्योहार पर घर लौटने की इच्छा भी आर्थिक हैसियत देखकर पूरी होती है? क्या परिवार से मिलना अब केवल उन्हीं का अधिकार रह गया है, जिनकी जेब में लाखों रुपये हैं?
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: महंगी है तो हवाई यात्रा मत करिए!
हवाई किराये में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायण की ओर से सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई। याचिका में विमानन क्षेत्र में पारदर्शिता, यात्रियों के हितों की सुरक्षा और किराये में अप्रत्याशित वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए नियामक व्यवस्था बनाने की मांग की गई।
त्योहारों के मौसम में तत्काल राहत और किराये पर अस्थायी सीमा लगाने की मांग भी अदालत के सामने रखी गई।
लेकिन दो नवंबर को जब मामले का उल्लेख किया गया तो न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ की ओर से याचिकाकर्ता के वकील को कथित तौर पर यह टिप्पणी सुनने को मिली कि हवाई यात्रा मत करिए, आगे बढ़िए, अगला केस।
इस टिप्पणी पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर न्याय मांगने के लिए अदालत पहुंचे नागरिक को उसकी परेशानी का समाधान तलाशने के बजाय यात्रा छोड़ देने की सलाह देना क्या उचित न्यायिक संवेदनशीलता का उदाहरण है?
न्यायपालिका लोकतंत्र का वह महत्वपूर्ण स्तंभ है, जहां आम नागरिक अपनी आखिरी उम्मीद लेकर पहुंचता है। जब किसी नागरिक को महंगाई, मनमाने किराये और सार्वजनिक व्यवस्था की विफलता से परेशानी हो तो उसकी शिकायत सुनना और कानून के दायरे में उसका परीक्षण करना न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की इस टिप्पणी की आलोचनात्मक समीक्षा होनी चाहिए। सवाल व्यक्तियों के सम्मान का नहीं, बल्कि न्यायिक भाषा, संवेदनशीलता और आम नागरिक की उम्मीदों का है। अदालत की एक टिप्पणी लाखों यात्रियों के लिए यह संदेश नहीं बननी चाहिए कि महंगी सेवा से परेशान हो तो उसका इस्तेमाल ही मत करो।
निर्मला सीतारमण की प्याज वाली दलील और अदालत का जवाब!
यह टिप्पणी सुनकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का वह चर्चित बयान भी याद आता है, जब प्याज की कीमतों पर सवाल उठने पर उन्होंने कहा था कि वह प्याज नहीं खातीं।
जनता महंगाई की शिकायत करे तो जवाब मिलता है कि मत खरीदिए। हवाई टिकट महंगा है तो मत उड़िए। अस्पताल महंगा है तो इलाज मत कराइए। स्कूल की फीस अधिक है तो बच्चों को मत पढ़ाइए।
यही वह सोच है, जो आम आदमी की समस्याओं को व्यक्तिगत मजबूरी बताकर जिम्मेदारी से बचने का रास्ता बनाती है।
लेकिन सवाल यह है कि सरकार किसलिए चुनी जाती है? क्या उसका काम केवल भाषण देना, योजनाओं का प्रचार करना और चुनाव के समय जनता से समर्थन मांगना है? क्या नागरिकों को सस्ती शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित परिवहन और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना शासन की जिम्मेदारी नहीं है?
मोदी सरकार में जनता की परेशानी का जवाब आखिर कौन देगा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के बाद गरीबों और मध्यमवर्ग के जीवन में बदलाव के बड़े-बड़े दावे किए। लेकिन हवाई यात्रा की मौजूदा स्थिति उन दावों के सामने कई सवाल खड़े करती है।
यदि विमानन कंपनियों को किराया निर्धारित करने की पूरी स्वतंत्रता है तो फिर त्योहारों के समय यात्रियों को आर्थिक शोषण से बचाने की जिम्मेदारी किसकी है?
सरकार विमानन कंपनियों के हितों की चिंता करती है, लेकिन यात्रियों की जेब पर पड़ने वाले बोझ को लेकर उसकी जवाबदेही कहां दिखाई देती है?
विमानन कंपनियां एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों और परिचालन लागत को किराया बढ़ाने का आधार बताती हैं। यह बात स्वीकार की जा सकती है कि ईंधन महंगा होने पर विमानन सेवाओं की लागत बढ़ती है। लेकिन लागत में वृद्धि और सामान्य किराये से सात गुना तक कीमत पहुंच जाने के बीच बड़ा अंतर है।
बाजार की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं हो सकता कि आपातकालीन या त्योहारों की जरूरत का फायदा उठाकर यात्रियों की जेब पर मनमाना बोझ डाल दिया जाए।
2027 के नियम, लेकिन जनता को राहत कब?
केंद्र सरकार ने एक नवंबर को भारतीय वायुयान नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं, जो एक जनवरी 2027 से प्रभावी होने हैं। नियम 192 के तहत असाधारण परिस्थितियों में जनहित को ध्यान में रखते हुए विमानन कंपनियों के किराये के संबंध में निर्देश जारी करने का अधिकार सरकार को दिया गया है।
नए प्रावधानों में विमानन कंपनियों को परिचालन लागत सहित विभिन्न कारकों के आधार पर किराया निर्धारित करने और किराये से संबंधित जानकारी डीजीसीए को उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बताई गई है।
लेकिन सवाल यह है कि जब सरकार के पास भविष्य में हस्तक्षेप करने की व्यवस्था बनाने की क्षमता है तो वर्तमान में यात्रियों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे?
2027 तक इंतजार करने का मतलब है कि तब तक त्योहार आएंगे, टिकट महंगे होंगे और आम आदमी अपनी जेब तथा जरूरतों के बीच संघर्ष करता रहेगा।
प्रयागराज कुंभ में भी यही खेल, अब त्योहारों में भी वही कहानी!
प्रयागराज महाकुंभ के दौरान भी विमान किराये में असाधारण वृद्धि का मुद्दा उठा था। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने राज्यसभा में सवाल उठाते हुए बताया था कि लंदन की टिकट लगभग 24 हजार रुपये में उपलब्ध हो सकती है, जबकि चेन्नई से प्रयागराज का किराया 53 हजार रुपये से अधिक और बेंगलुरु से 51 हजार रुपये तक पहुंच गया था।
उस समय तत्कालीन सभापति जगदीप धनखड़ की ओर से सनातन के लिए पाचनशक्ति बढ़ाने संबंधी टिप्पणी भी चर्चा में आई थी।
अब सवाल यह है कि क्या हर बार जनता को ही महंगाई सहने की सलाह दी जाएगी? क्या धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और पारिवारिक जरूरतों के नाम पर बढ़ते किराये पर सरकार की कोई ठोस नीति नहीं होनी चाहिए?
लोकतंत्र में लोक कहां है और तंत्र किसके लिए है?
आज देश की व्यवस्था में आम आदमी की परेशानी लगातार बड़े सवाल खड़े कर रही है। गरीब को सस्ती हवाई यात्रा का सपना दिखाया गया, लेकिन वह सपना पूरा नहीं हुआ। मध्यमवर्ग को बेहतर सुविधाओं का भरोसा दिया गया, लेकिन त्योहारों पर घर जाने के लिए उसे अपनी आर्थिक क्षमता से कहीं ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी को यह बताना चाहिए कि 2017 में दिखाया गया हवाई चप्पल वाला सपना आज किस स्थिति में है? क्या सरकार विमानन कंपनियों के लिए बाजार की आजादी और यात्रियों के लिए मजबूरी की व्यवस्था को ही विकास मानती है?
न्यायपालिका से भी अपेक्षा है कि आम नागरिक की समस्याओं पर विचार करते समय उसकी आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई दे।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की टिप्पणी पर सवाल उठाना न्यायपालिका का अपमान नहीं, बल्कि न्यायिक जवाबदेही और संवेदनशीलता की लोकतांत्रिक मांग है।
आखिर लोकतंत्र में जनता केवल चुनाव के दिन महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। उसकी यात्रा, शिक्षा, इलाज और परिवार से मिलने का अधिकार भी महत्वपूर्ण है।
मोदी सरकार को यह समझना होगा कि देश केवल भाषणों, नारों और प्रचार से नहीं चलता। जनता को सुविधाएं चाहिए, राहत चाहिए और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद चाहिए।
हवाई चप्पल पहनने वाले को विमान में बैठाने का सपना दिखाने वालों से अब जनता पूछ रही है कि महंगे जूते पहनने के बाद भी जब हवाई यात्रा मुश्किल है, तो आखिर विकास की उड़ान किसकी हो रही है?
सरकार की उड़ान जारी है, विमानन कंपनियों की कमाई जारी है, लेकिन आम आदमी के सपनों की उड़ान टिकट के दामों के नीचे दबती जा रही है।




