वाराणसी

पुलिस कमिश्नर की अगुवाई में SOG-2 की कार्यवाही जोरदार, देहव्यापार करवा रहे आरोपियों को भेज दिया जिला कारागार

वाराणसी पुलिस की मिली बड़ी कामयाबी देह व्यापार और हुक्का बार के गोरखधंधे का भंडाफोड़

 

~ आंशिका गेस्ट हाउस में चल रहा था दोहरा अवैध धंधा

~ एसओजी-2 ने मारा छापा, दस लोग रंगे हाथ पकड़ा

~ हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार का खुलासा

~ पकड़ी गईं युवतियां पटना, आजमगढ़ व वाराणसी की

~ शक्तिवर्धक दवाएं, कंडोम व हुक्का सामग्री बरामद

~ गेस्ट हाउस संचालक समेत पूरा नेटवर्क जांच के घेरे में

~ पुलिस कमिश्नर के मोहित अग्रवाल के निर्देश पर चला अभियान

~ होटल व गेस्ट हाउस संचालकों में मचा हड़कंप

 

आशुतोष शर्मा…..

 

वाराणसी। शहर को अपराध और अनैतिक गतिविधियों से मुक्त कराने के संकल्प के साथ वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट लगातार सक्रिय है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की सख्त निगरानी और ठोस निर्देशों के तहत गठित स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप-2 ने बुधवार को फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर इस दिशा में एक उल्लेखनीय सफलता हासिल की। बतातें हैं कि बाबतपुर स्थित आंशिका गेस्ट हाउस में काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। हुक्का बार की आड़ में चल रहे इस अड्डे पर जिस तरह देह व्यापार भी संचालित हो रहा था, वह समाज के लिए शर्मनाक था। लेकिन इस धंधे को खत्म करने के लिए पुलिस ने सटीक योजना बनाकर इस गोरखधंधे का पर्दाफाश कर दिया।

दो धंधे एक छत के नीचे ‘2 इन 1’ कांसेप्ट का भंडाफोड़

एसओजी-2 की टीम ने जब बुधवार को अचानक गेस्ट हाउस पर छापा मारा, तो अंदर का नज़ारा चौंकाने वाला था। यह स्थान ‘2 इन 1’ कांसेप्ट पर काम कर रहा था। एक ओर ग्राहकों को हुक्का बार का आनंद दिया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर देह व्यापार भी पूरी सक्रियता से चल रहा था। पुलिस ने मौके से गेस्ट हाउस संचालक समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 4 युवतियां और 6 पुरुष शामिल हैं।

अवैध सामग्रियों का जखीरा बरामद

छापेमारी के दौरान टीम को वहां से प्रयुक्त और नए कंडोम, शक्तिवर्धक दवाएं, हुक्का सेट और हुक्का सामग्री सहित कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह अड्डा लंबे समय से सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा था। गिरफ्तार युवतियों में एक पटना, एक आजमगढ़ और दो वाराणसी की रहने वाली हैं। वहीं पुरुषों में स्थानीय व बाहरी जिलों के लोग शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गोरखधंधे से जुड़े बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हो सके।

जनहित में कार्रवाई, पुलिस की चौकसी से अपराधी बौखलाए

पुलिस की इस कार्रवाई से होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप मच गया है। यह संदेश स्पष्ट है अगर कोई सामाजिक मर्यादाओं और कानून की अवहेलना करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की लगातार निगरानी और खुफिया टीमों की सक्रियता ने यह दिखा दिया कि वाराणसी को अपराधमुक्त बनाने की कोशिशें सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि ठोस धरातल पर हैं।

पुलिस कमिश्नर की सख्त हिदायत अनैतिकता पर जीरो टॉलरेंस

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने टीम को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ऐसे अड्डों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए। उनका मानना है कि काशी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी में इस प्रकार की गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने होटल, लॉज, गेस्ट हाउस संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि कोई नियमों और नैतिकता के दायरे से बाहर जाकर इस प्रकार के कार्य में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कवायद शुरू

गिरोह की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है और यह प्रयास हो रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी शिनाख्त की जाए। गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया लिंक और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी गई है। एसओजी टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी दोषी बच न पाए।

समाज के सहयोग से ही मिटेगा अंधेरा

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि समाज में जागरूकता और सतर्कता जरूरत है। यदि स्थानीय नागरिक समय रहते पुलिस को सूचना दें, तो ऐसे गोरखधंधों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। पुलिस की सफलता तभी स्थायी होगी, जब समाज इसमें सक्रिय भूमिका निभाए।

जारी रहेगी कड़ी कार्यवाही

डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि एसओजी 2 टीम की यह दूसरी सफलता है। इसके पहले चितईपुर में दो स्पॉ सेंटर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया गया था। आज गेस्ट हॉउस का संचालक भी पकड़ा गया है। सम्बंधित थाने में केस दर्ज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में यह अभियान अभी और तेज किया जाएगा।

एक सकारात्मक संदेश न्याय मिलेगा, अपराध रुकेगा

वाराणसी पुलिस की यह कार्रवाई केवल एक छापा नहीं है, बल्कि यह उस सकारात्मक सोच का हिस्सा है जो शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और नैतिक वातावरण देने की दिशा में निरंतर बढ़ रही है। यह भरोसा दिलाने वाली बात है कि अब पुलिस की नजरें हर कोने पर हैं और अपराधियों की नींद उड़ चुकी है। पुलिस की कार्रवाई ने न सिर्फ एक गंदे कारोबार का भंडाफोड़ किया है, बल्कि आने वाले दिनों में ऐसे कई अनैतिक कार्यों पर लगाम लगाने की मजबूत नींव भी रख दी है। यह एक शुरुआत है काशी को पुनः उसके सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों की राह पर लाने की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button