वाराणसी के मानसिक अस्पताल के पास आधी रात हुई पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
अचूक संघर्ष, डेस्क

वाराणसी। थाना कैंट पुलिस ने पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह में बड़ी सफलता हासिल की। पांडेयपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे तेजी से पांडेयपुर रोड की ओर भाग निकले।
पुलिस ने पीछा किया तो मेन्टल हॉस्पिटल के पास गली में उनकी बाइक पानी में फिसलकर गिर गई। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अजय कुमार गुप्ता पुत्र रामबली गुप्ता निवासी सलारपुर थाना सारनाथ के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल दीनदयाल अस्पताल भेजा गया। उसका साथी शाहिद अली उर्फ राजू अंसारी पुत्र नूरुद्दीन अंसारी निवासी कन्हईसराय थाना लौहता को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि अजय गुप्ता के खिलाफ 11 आपराधिक मुकदमे, जबकि शाहिद अली उर्फ राजू अंसारी के विरुद्ध 16 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है।
साथ ही खुलासा हुआ है कि ये दोनों हाल ही में वरुणा पुल स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई सेंधमारी और चोरी की घटना में भी शामिल रहे हैं।इस मुठभेड़ में शिवाकांत मिश्रा, विकास सिंह, आशुतोष तिवारी, अभिषेक सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, नागेंद्र चौहान, आशीष मिश्रा, अतुल पांडे और प्रिंस तिवारी शामिल रहे।



