पूर्ण बोरा का रोपवे से पुस्तकालय तक हर काम पर बारीकी से नजर , काशी के कायाकल्प की दिशा में निर्णायक डगर
वीडीए उपाध्यक्ष की सक्रियता से परियोजनाओं में आई नई गति

● रोपवे परियोजना का सर्कुलर प्लान हुआ फाइनल, यातायात को मिलेगी नई दिशा
● कैंट से गोदौलिया तक बनेगा आकर्षक, सुगम और हरित रोपवे कॉरिडोर
● आधुनिक जिला पुस्तकालय बनेगा ज्ञान का नया केन्द्र, मिलेगा अत्याधुनिक सुविधाओं का संगम
● गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता पर उपाध्यक्ष का सख्त रुख ‘काशी में हर काम होगा उत्कृष्ट’
● निरीक्षण, संवाद और समन्वय से प्राधिकरण में दिखी नई कार्यसंस्कृति की झलक
◆ अमित मौर्य, संपादक, अचूक संघर्ष
वाराणसी। काशी में विकास अब केवल नारों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की निगरानी और पहल ने शहर के बुनियादी ढांचे में नई ऊर्जा भर दी है। कैंट स्टेशन से गोदौलिया तक की दूरी अब ‘ट्रैफिक जाम’ से नहीं, बल्कि ‘रोपवे की रफ्तार’ से तय होगी। इसी कड़ी में, ज्ञान की नगरी काशी एक आधुनिक और पूर्ण सुविधायुक्त जिला पुस्तकालय के रूप में अपनी बौद्धिक पहचान को और मजबूत करने जा रही है। दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया कि वाराणसी की हर परियोजना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सौंदर्य तीनों का संतुलन अनिवार्य है।वीडीए की कार्यशैली में अब फाइलों से आगे बढ़कर मैदानी सक्रियता का दौर दिखने लगा है। शुक्रवार को उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने दो प्रमुख परियोजनाओं रोपवे योजना और आधुनिक जिला पुस्तकालय की समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों ही प्रोजेक्ट काशी के भविष्य की दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं।
काशी के यातायात का भविष्य हवा में
एनएचएलएमएल के सीईओ राजेश मालिक और रोपवे प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा मिश्रा सहित पूरी तकनीकी टीम के साथ हुई बैठक में उपाध्यक्ष ने परियोजना की प्रगति, सर्कुलर प्लान, स्टेशनों की डिजाइनिंग और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कैंट रेलवे स्टेशन, रथयात्रा, विद्यापीठ, गोदौलिया और गिरजाघर स्टेशनों के लेआउट प्लान का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें पार्किंग, एप्रोच रोड, यात्री प्रवाह, सुरक्षा मानक और इमरजेंसी निकासी मार्ग जैसे अहम पहलुओं की समीक्षा की। पूर्ण बोरा ने कहा कि काशी का रोपवे केवल यातायात समाधान नहीं, बल्कि शहर के सौंदर्य और पर्यटन विकास की नई पहचान बनेगा। हर स्टेशन ऐसा हो कि यात्री काशी की संस्कृति का अनुभव करे।
तकनीकी बिंदुओं पर सटीक निर्देश
बैठक में तकनीकी और कार्यात्मक चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने रोपवे टॉवर की स्थिति, स्टेशनों के बेसमेंट, जल निकासी व्यवस्था और आसपास के यातायात समायोजन को लेकर अधिकारियों को ठोस समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कहा कि हर स्टेशन पर सुविधा, सौंदर्य और सुरक्षा का संतुलन आवश्यक है। प्रोजेक्ट केवल निर्माण नहीं, एक अनुभव है काशी आने वाला हर यात्री इसकी प्रशंसा करे।
स्थलीय निरीक्षण से मिला गति का संकेत
बैठक के बाद उपाध्यक्ष ने टीम के साथ सभी प्रमुख स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सर्कुलर प्लान, पार्किंग स्थल, यात्री सुविधा केंद्र और सिग्नलिंग एरिया का निरीक्षण किया। निर्देश दिया गया कि जहां भी भीड़ या संकरे मार्ग की समस्या है, वहां वैकल्पिक यातायात योजना तैयार की जाए। निरीक्षण में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, सहायक अभियंता लाला सतीश सुमन, जल कल एवं जल निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञान का नया तीर्थ आधुनिक जिला पुस्तकालय
रोपवे प्रोजेक्ट के बाद उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने वाराणसी में बन रहे नवीन जिला पुस्तकालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह पुस्तकालय शहर के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक जीवन का नया केंद्र बनने जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्माण की गुणवत्ता, वर्क मैनशिप और श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को केवल इमारत नहीं बल्कि ज्ञान का तीर्थ बनाना है। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के अध्ययन, शोध और संवाद का केंद्र बनेगा। इसलिए हर ईंट में शुद्धता और हर दीवार में सौंदर्य झलकना चाहिए।
इंटीरियर और गुणवत्ता पर सख्ती
उपाध्यक्ष ने कहा कि इंटीरियर कार्य केवल प्राधिकरण की स्वीकृति के उपरांत ही शुरू होगा। स्पष्ट निर्देश दिया कि इंटीरियर में प्रयुक्त होने वाली सामग्री के सभी नमूने उनके समक्ष प्रस्तुत किए जाएं, तभी उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए। भवन की डिजाइन में वेंटिलेशन, नेचुरल लाइटिंग और दिव्यांगजन की सुविधा जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की कार्यशैली में फील्ड विजिट और परिणाम आधारित समीक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारियों में यह संदेश स्पष्ट है कि अब केवल रिपोर्ट नहीं, मैदान पर दिखने वाला काम ही स्वीकार्य होगा। पिछले कुछ महीनों में उनके नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट नगर, सर्किट हाउस मार्ग, चौकाघाट फ्लाईओवर जैसे कई प्रोजेक्ट्स ने रफ्तार पकड़ी है।
* रोपवे परियोजना की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा, हर स्टेशन के सर्कुलर प्लान का अवलोकन।
* एनएचएलएमएल के सीईओ राजेश मालिक और प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा मिश्रा सहित पूरी टीम की मौजूदगी में हुई बैठक।
* कैंट, रथयात्रा, विद्यापीठ, गोदौलिया और गिरजाघर स्टेशनों की स्थिति, पार्किंग और यात्री सुविधाओं पर विशेष फोकस।
* आधुनिक जिला पुस्तकालय के निरीक्षण में गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता पर सख्त निर्देश।
* इंटीरियर कार्य प्राधिकरण की अनुमति के बाद ही। * जनसुविधा, सौंदर्य और तकनीकी उत्कृष्टता के संतुलन पर बल।
* उपाध्यक्ष का स्पष्ट संदेश काशी का विकास, गुणवत्ता की शर्त पर ही संभव है।




