टैक्स चोरी का आरोप ,गुटखा फैक्ट्री पर स्टेट जीएसटी विभाग का छापा

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक गुटखा फैक्ट्री पर स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। जैसे ही अधिकारियों की टीम फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं, वहां हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से फरार हो गए। यह छापेमारी चंदापुर पुलिस चौकी के पास कृष्ण कांत पांडेय उर्फ पम्मी पांडेय के स्वामित्व वाली फैक्ट्री पर की गई। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 राम प्रकाश के नेतृत्व मे ंस्टेट जीएसटी की तीन टीमों ने एक साथ फैक्ट्री और उसके तीन गोदामों पर कार्रवाई की। कुल 15 अधिकारियों की टीम दोपहर से दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। फैक्ट्री पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, विभाग के पास पहले से कुछ अहम सुराग थे, जिनके आधार पर यह छापा मारा गया। अधिकारियों ने फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि किसी भी तरह की सूचना लीक न हो सके। बताया जा रहा है कि कंपनी के पास आधा दर्जन से अधिक गोदाम हैं। छापे की खबर फैलते ही कई गोदामों के कर्मचारी शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल विभागीय अधिकारी जांच के दौरान कुछ भी कहने से बच रहे हैं।




