एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन के इस्तीफे बवाल बैंक की कार्यप्रणाली पर क्यो न उठे सवाल?

- अरबों का विवाद और मीडिया की खामोशी!
- चेयरमैन का इस्तीफा क्या बैंक के भीतर छिपा है बड़ा घोटाला?
- 9 फीसदी शेयर गिरा निवेशकों को किस बात का डर सता रहा
- अनैतिक प्रथाएं क्या यह अंदरूनी भ्रष्टाचार का संकेत
- लीलावती ट्रस्ट विवाद क्या बैंकिंग सिस्टम में घुसा दलाली तंत्र
- सीईओ पर रिश्वत के आरोप कितना गहरा है खेल
- एक के बाद एक जज अलग क्या न्यायपालिका भी असहज
- सुप्रीम कोर्ट की दूरी क्या मामला जरूरत से ज्यादा संवेदनशील
- मीडिया की चुप्पी सवालों से भाग क्यों रहा है चौथा स्तंभ
देश की अर्थव्यवस्था का चेहरा माने जाने वाले कॉरपोरेट सेक्टर में जब कोई बड़ी हलचल होती है, तो उसकी गूंज संसद से लेकर सड़क तक सुनाई देनी चाहिए। लेकिन जब यह हलचल देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक के शीर्ष स्तर पर हो, और फिर भी मीडिया में सन्नाटा पसरा रहे, तो यह सिर्फ खबर नहीं रह जाती, बल्कि एक गहरी साजिश या दबाव की बू देने लगती है। अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का अचानक इस्तीफा और उसके तुरंत बाद बैंक के शेयरों में लगभग 9 फीसदी की गिरावट यह कोई सामान्य कॉरपोरेट घटना नहीं है। यह उस हिमखंड का ऊपरी हिस्सा है, जिसके नीचे बहुत कुछ छिपा हुआ है। सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक अनुभवी नौकरशाह और बैंकिंग सिस्टम के भरोसेमंद चेहरे को अचानक पद छोड़ना पड़ा? चक्रवर्ती का इस्तीफा सिर्फ एक औपचारिकता नहीं था, बल्कि उसमें लिखा गया एक वाक्य पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर देता है कि पिछले दो वर्षों में मैंने बैंक के भीतर कुछ ऐसी घटनाएं और प्रथाएं देखी हैं जो मेरे व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं हैं। यह कोई हल्का आरोप नहीं है। यह सीधे-सीधे संकेत है कि बैंक के भीतर कुछ ऐसा चल रहा था, जो न सिर्फ अनैतिक था बल्कि संभवतः अवैध भी। अब इस बयान को अगर लीलावती कीर्तिलाल मेहता मेडिकल ट्रस्ट और बैंक के बीच चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जाए, तो तस्वीर और भी खतरनाक हो जाती है। ट्रस्ट ने बैंक के सीईओ शशिधर जगदीशन पर करोड़ों रुपये की घूस लेने और ट्रस्ट के संचालन में अवैध हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। यह आरोप किसी गली-मोहल्ले के बैंक पर नहीं, बल्कि उस संस्थान पर है जिसे देश की वित्तीय रीढ़ कहा जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे मामले में न्यायपालिका का व्यवहार भी सवालों के घेरे में है। मुंबई हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश इस मामले से खुद को अलग कर लेते हैं। एक के बाद एक जजों का हटना, और फिर सुप्रीम कोर्ट का भी इस मामले को सुनने से इंकार यह महज संयोग नहीं हो सकता और इसी बीच, देश का तथाकथित मेनस्ट्रीम मीडिया जो छोटे-छोटे मुद्दों पर घंटों बहस करता है। इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साध लेता है। न कोई डिबेट, न कोई एक्सपोज, न कोई गंभीर सवाल। क्या यह चुप्पी खरीदी गई है, क्या यह दबाव का परिणाम है या फिर कॉरपोरेट और मीडिया के बीच कोई ऐसा गठजोड़ है, जो सच को सामने आने ही नहीं देना चाहता? यह सवाल इसलिए भी जरूरी है क्योंकि मामला सिर्फ एक बैंक या एक व्यक्ति का नहीं है। यह देश की वित्तीय विश्वसनीयता, न्यायिक पारदर्शिता और मीडिया की स्वतंत्रता तीनों पर एक साथ सवाल खड़े करता है।

* एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन का अचानक इस्तीफा
* शेयरों में 9 फीसदी की भारी गिरावट निवेशकों में दहशत
* इस्तीफे में अनैतिक प्रथाओं का सीधा संकेत
* लीलावती कीर्तिलाल मेहता मेडिकल ट्रस्ट विवाद से जुड़ते आरोप
* सीईओ शशिधर जगदीशन पर घूस लेने का आरोप
* मुंबई हाईकोर्ट के कई जजों का खुद को अलग करना
* सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से पीछे हटना
* मीडिया की रहस्यमयी चुप्पी सबसे बड़ा सवाल
चेयरमैन का इस्तीफा, अरबों का विवाद और मीडिया की खामोशी
देश की वित्तीय व्यवस्था का मजबूत स्तंभ माने जाने वाले एचडीएफसी बैंक में अचानक उठी हलचल ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक के अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का अप्रत्याशित इस्तीफा और उसके तुरंत बाद शेयरों में लगभग 9 फीसदी की गिरावट यह घटनाएं किसी सामान्य कॉरपोरेट बदलाव का संकेत नहीं देतीं, बल्कि एक गहरे संकट की ओर इशारा करती हैं। इस पूरे घटनाक्रम की सबसे चिंताजनक बात सिर्फ इस्तीफा नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे संकेत हैं संकेत अनैतिक प्रथाओं के, संभावित भ्रष्टाचार के, और एक ऐसे तंत्र के जो शायद पर्दे के पीछे बहुत कुछ छिपा रहा है।
इस्तीफा नहीं, सिस्टम पर गंभीर आरोप
अतानु चक्रवर्ती का इस्तीफा अपने आप में एक दस्तावेज है एक ऐसा दस्तावेज जो संस्थागत नैतिकता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने साफ तौर पर संकेत दिया कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने बैंक के भीतर ऐसी प्रथाएं देखीं जो उनके व्यक्तिगत मूल्यों के अनुरूप नहीं थीं। यह बयान किसी बाहरी आलोचक का नहीं, बल्कि सिस्टम के अंदर बैठे एक शीर्ष व्यक्ति का है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या बैंक के अंदर निर्णय लेने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी, क्या कॉरपोरेट गवर्नेंस सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है? सबसे बड़ा सवाल क्या यह मामला नियामकों से भी छिपा रहा।
शेयर बाजार की गिरावट: निवेशकों का अविश्वास
इस्तीफे के तुरंत बाद एचडीएफसी बैंक के शेयरों में आई तेज गिरावट महज संयोग नहीं मानी जा सकती। शेयर बाजार भावनाओं से नहीं, बल्कि जोखिम के आकलन से चलता है। 9 फीसदी की गिरावट यह संकेत देती है कि निवेशकों को किसी बड़े खुलासे का डर है। संस्थागत भरोसे में दरार आई है और बाजार ने इस घटनाक्रम को ‘रेड फ्लैग’ के रूप में लिया है।
लीलावती ट्रस्ट विवाद कहानी की असली जड़
पूरा मामला लीलावती कीर्तिलाल मेहता मेडिकल ट्रस्ट और बैंक के बीच चल रहे विवाद से जुड़ता नजर आता है। ट्रस्ट ने बैंक के सीईओ शशिधर जगदीशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। करोड़ों रुपये की रिश्वत लेने का आरोप, ट्रस्ट के प्रशासनिक मामलों में अवैध हस्तक्षेप, वित्तीय निर्णयों को प्रभावित करने की कोशिश अगर ये आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे बैंकिंग ढांचे की विश्वसनीयता पर सवाल होगा।
सीईओ पर आरोप क्या शीर्ष स्तर तक पहुंचा भ्रष्टाचार
शशिधर जगदीशन पर लगे आरोप मामूली नहीं हैं। करीब 2 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत की बात सामने आना इस ओर इशारा करता है कि निर्णय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है कॉरपोरेट और ट्रस्ट संस्थाओं के बीच अनुचित गठजोड़ संभव है और बैंकिंग नैतिकता खतरे में है न यह मामला अगर गहराई से जांचा गया, तो कई और परतें खुल सकती हैं।
न्यायपालिका का रुख: असहजता या संवेदनशीलता
इस पूरे विवाद में मुंबई हाईकोर्ट के कई न्यायाधीशों का खुद को अलग कर लेना और बाद में सुप्रीमकोर्ट का दूरी बनाना कई सवाल खड़े करता है। क्या यह सिर्फ ‘कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट’ का मामला है या फिर केस की संवेदनशीलता इतनी ज्यादा है कि न्यायपालिका भी सतर्क हो गई है। क्या इस मामले में कोई ऐसा दबाव है, जो सामने नहीं आ रहा? न्यायिक दूरी इस पूरे प्रकरण को और अधिक रहस्यमयी बना देती है।
मीडिया की चुप्पी सबसे बड़ा सवाल
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू है मीडिया की खामोशी। जहां छोटे-छोटे मुद्दे घंटों की बहस का विषय बन जाते हैं, वहां देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक में उथल-पुथल चेयरमैन का नैतिकता का हवाला देकर इस्तीफा, सीईओ पर रिश्वत के आरोप और न्यायपालिका की दूरी। इन सब पर मुख्यधारा मीडिया की लगभग चुप्पी कई आशंकाएं पैदा करती है। क्या यह कॉरपोरेट दबाव का परिणाम है, विज्ञापन आधारित निर्भरता का असर या फिर मीडिया और कॉरपोरेट के बीच कोई अघोषित समझौता है।
क्या यह सिर्फ शुरुआत
यह मामला अब सिर्फ एचडीएफसी बैंक तक सीमित नहीं रह गया है। यह तीन बड़े स्तंभों पर सवाल खड़ा करता है। कॉरपोरेट गवर्नेंस की पारदर्शिता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और स्वतंत्रता, मीडिया की विश्वसनीयता अगर समय रहते इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच नहीं हुई, तो इसका असर बैंकिंग सेक्टर की साख और देश की आर्थिक छवि तीनों पर पड़ सकता है। इतने बड़े घटनाक्रम के बावजूद अगर सन्नाटा है, तो यह सन्नाटा खुद एक खबर है। यह मामला सिर्फ एक इस्तीफे या एक विवाद का नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम का है, जो पारदर्शिता और जवाबदेही का दावा करता है। क्या नियामक संस्थाएं सक्रिय होंगी, क्या जांच एजेंसियां सच्चाई तक पहुंचेगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? क्योंकि सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि चेयरमैन ने इस्तीफा क्यों दिया सवाल यह है कि क्या देश की वित्तीय व्यवस्था के भीतर कुछ ऐसा चल रहा है, जिसे हमसे छिपाया जा रहा है?


