राजधानी में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट

सात लोगों के मरने की आशंका, पांच घायल, सीएम ने मृतको पर जताया शोक

लखनऊ। गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके में रविवार को पटाखा फैक्टरी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल उठा। आवाज सुनकर लोग घरों से निकलकर मौके की तरफ भागे। स्थानीय लोगों ने अंदर फंसे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू करते हुये इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल लोगों को अस्पताल भेजा। घटना में करीब सात लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत बचाव कार्य जारी है। चूकि घटना राजधानी में हुआ है। घटना को सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।




