News
125 रन पर ढेर हुआ पाकिस्तान, बांग्लादेश ने जीता मैच और सीरीज भी अपने नाम किया

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बांग्लादेश दौरे पर एक बार फिर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। मेजबान बांग्लादेश ने पाकिस्तान को महज 125 रन पर ढेर कर दूसरा टी20 मैच भी जीत लिया है। इसके साथ ही बांग्लादेश ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। मेजबान टीम ने पाकिस्तान को पहले टी20 मैच में भी 7 विकेट से हराया था। यह पहला मौका है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान से टी20 सीरीज जीती है।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा टी20 मैच ढाका में खेला गया। पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उनका यह फैसला शुरुआती घंटे में सही होता नजर आया। पहले बैटिंग करने उतरा बांग्लादेश निर्धारित 20 ओवर में 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गया। बांग्लादेश ने एक समय 28 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। तब उसके 100 रन तक पहुंचने का संकट नजर आ रहा था. जाकेर अली (55) और मेहदी हसन (33) ने अपनी टीम को इस स्थिति से उबारा। इन दोनों की पारी की बदौलत ही बांग्लादेश उस स्कोर तक पहुंच पाया, जहां से उसके गेंदबाजों को पाकिस्तान को ऑलआउट करने का हौसला मिला।




