Newsई-पेपरउत्तर प्रदेशवाराणसी

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा मढ़नी टाउनशिप काशी के भविष्य की तस्वीर,वीडीए की लिखेगा नई तकदीर

वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा व सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा ने भी कमिश्नर के साथ किया निरीक्षण

  • काशी के भविष्य की नई तस्वीर मढ़नी टाउनशिप बनेगी आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय मॉडल
  • 30 साल बाद बन रही पहली पूर्ण गेटेड टाउनशिप
  • 925 करोड़ की लागत से आकार ले रही महत्वाकांक्षी परियोजना
  • 100 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण, किसानों को 170 करोड़ मुआवजा
  • काशी थीम पर विकसित होगी टाउनशिप, परंपरा और आधुनिकता का संगम
  • 80 से 100 फीट चौड़ी सड़कों के साथ अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर
  • ‘15 मिनट सिटी’ कॉन्सेप्ट को साकार करने की दिशा में कदम
  • हाई-राइज बिल्डिंग, मॉल, अस्पताल और होटल होंगे शामिल
  • रेरा पंजीकरण प्रक्रिया तेज, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

वाराणसी। काशी को अपनी प्राचीनता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वभर में पहचाना जाता है, अब एक नए शहरी बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। शहर के विकास को नई दिशा देने वाली मढ़नी टाउनशिप परियोजना न सिर्फ एक आवासीय योजना है, बल्कि यह काशी के भविष्य का एक सुव्यवस्थित खाका भी है। शुक्रवार को मण्डलायुक्त एस. राजलिंगम, वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा और सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा द्वारा इस परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया, जिसमें कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण केवल एक औपचारिकता नहीं था, बल्कि यह इस बात का संकेत था कि प्रशासन अब शहर के नियोजित विकास को लेकर गंभीरता से काम कर रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मढ़नी टाउनशिप को आदर्श मॉडल टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें काशी की पारंपरिक आत्मा और आधुनिक शहरी सुविधाओं का संतुलित समावेश होगा। इस परियोजना की खासियत यह है कि यह लगभग 30 वर्षों बाद विकसित होने वाली पहली पूर्णतः गेटेड टाउनशिप होगी। 62.83 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली यह योजना करीब 925 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। अब तक 100 एकड़ से अधिक भूमि का रजिस्ट्री के माध्यम से अधिग्रहण किया जा चुका है, जबकि 15 एकड़ भूमि लैंड पूलिंग के जरिए प्राप्त हुई है। किसानों को 170 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया जा चुका है, जो इस परियोजना के सामाजिक संतुलन को भी दर्शाता है। मढ़नी टाउनशिप को केवल मकानों का समूह नहीं, बल्कि एक पूर्ण जीवनशैली केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत भूखंडों के साथ-साथ हाई-राइज इमारतें, होटल, अस्पताल, शॉपिंग मॉल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह परियोजना ‘15 मिनट सिटी’ की अवधारणा पर आधारित है, जहां हर जरूरी सुविधा 15 मिनट की दूरी के भीतर उपलब्ध होगी।
मण्डलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति और हरित क्षेत्रों का विकास निर्धारित मानकों के अनुसार और समयसीमा में पूरा किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो। वहीं, वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि रेरा पंजीकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, जिससे परियोजना का औपचारिक शुभारंभ जल्द किया जा सके। यह परियोजना वाराणसी के शहरी परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव ला सकती है, बशर्ते इसे ईमानदारी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

विकास की नई पटकथा या पुरानी कहानी का नया संस्करण

मढ़नी टाउनशिप परियोजना को जिस भव्यता और उम्मीदों के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है, वह कागजों पर एक आदर्श शहर की तस्वीर खींचती है। लेकिन वाराणसी जैसे शहर में, जहां अनियोजित विकास, अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही का इतिहास रहा है, वहां इस परियोजना की सफलता केवल घोषणाओं पर निर्भर नहीं हो सकती।

भूमि अधिग्रहण संतुलन या समझौता

प्रशासन के अनुसार 100 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है और किसानों को 170 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। यह आंकड़े संतोषजनक लगते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या सभी किसानों को उचित मुआवजा मिला? क्या लैंड पूलिंग में शामिल किसानों की सहमति पूरी तरह पारदर्शी रही है।

925 करोड़ की परियोजना पारदर्शिता की कसौटी

इतनी बड़ी लागत वाली परियोजना में सबसे बड़ा सवाल पारदर्शिता का होता है। टेंडर प्रक्रिया, निर्माण एजेंसियों का चयन, सामग्री की गुणवत्ता ये सभी बिंदु भविष्य में इस परियोजना की साख तय करेंगे।

काशी थीम सांस्कृतिक सम्मान या मार्केटिंग टूल

परियोजना को काशी थीम पर विकसित करने की बात कही गई है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह थीम वास्तव में क्या होगी। क्या यह सिर्फ वास्तुकला तक सीमित रहेगी या इसमें सांस्कृतिक और सामाजिक तत्वों का भी समावेश होगा।

15 मिनट सिटी सपना या हकीकत

‘15 मिनट सिटी’ का कॉन्सेप्ट दुनिया के कई शहरों में सफल रहा है, लेकिन इसके लिए सटीक योजना, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल प्रबंधन की जरूरत होती है। क्या वाराणसी में यह संभव हो पाएगा।

हाई-राइज बिल्डिंग और शहरी दबाव

हाई-राइज बिल्डिंग्स आधुनिकता का प्रतीक हैं, लेकिन इसके साथ ही यातायात, जल आपूर्ति और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं भी बढ़ती हैं। क्या प्रशासन ने इन चुनौतियों के लिए ठोस योजना बनाई है। 80 से 100 फीट चौड़ी सड़कें, बेहतर जल निकासी और विद्युत आपूर्ति ये सभी बातें सुनने में आकर्षक हैं, लेकिन वाराणसी में पहले भी कई परियोजनाएं इन वादों के साथ शुरू हुईं और अधूरी रह गईं।

रेरा पंजीकरण भरोसे की पहली सीढ़ी

रेरा पंजीकरण प्रक्रिया का चलना एक सकारात्मक संकेत है। इससे खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा और परियोजना में पारदर्शिता आएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए सख्त निर्देश यह दर्शाते हैं कि प्रशासन इस परियोजना को लेकर गंभीर है। लेकिन असली परीक्षा तब होगी जब ये निर्देश जमीन पर लागू होंगे। अगर यह परियोजना सफल होती है, तो यह न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए एक मॉडल बन सकती है। लेकिन अगर इसमें लापरवाही हुई, तो यह एक और अधूरी कहानी बनकर रह जाएगी।

* मढ़नी टाउनशिप 62.83 हेक्टेयर में विकसित होगी
कुल लागत: 925 करोड़ रुपये
* 100+ एकड़ भूमि अधिग्रहण, 15 एकड़ लैंड पूलिंग
* किसानों को 170 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा
* 30 वर्षों बाद पहली पूर्ण गेटेड टाउनशिप
* 80-100 फीट चौड़ी सड़कें
* हाई-राइज बिल्डिंग, मॉल, होटल, अस्पताल शामिल
* ‘15 मिनट सिटी’ कॉन्सेप्ट पर आधारित
* रेरा पंजीकरण प्रक्रिया जारी
* काशी थीम पर आधारित विकास

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button